रविवार, 1 अप्रैल 2012

प्राचीन भारतीय शोध परम्परा और विकास की अवधारणा

वेद भारतीय ज्ञान के प्राचीनतम ग्रन्थ हैं जिनमें शोधकर्ताओं के ज्ञान को सूत्र रूप में संगृहीत किया गया है। प्रकृति में व्याप्त शक्तियों का प्राणिमात्र के कल्याणार्थ उपयोग तथा मनुष्य के सर्वांगीण विकास के लिए उपयुक्त मार्ग का सन्देश देने वाले वेद, आज जबकि हम विकास की सही दिशा से विचलित हो चुके हैं और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
वैज्ञानिक समाधानों के युग में हमारे समक्ष कुछ ज्वलंत प्रश्न हैं जिनका वैज्ञानिक उत्तर हमें खोजना ही होगा।

१- इतने तथाकथित विकास के बाद भी दुर्भिक्ष और दरिद्रता अभी तक हमारे लिए अभिषाप बने हुए हैं।
२- शारीरिक व्याधियाँ अपने नए स्वरूपों में प्रकट हो रही हैं।
३- नवीन औषधियाँ फलप्रद नहीं हो पा रही हैं।
४- रोगाणुओं के नए-नए अवतरण (NEW STRAINS) चिकित्सा जगत के समक्ष एक गंभीर चुनौती बन गए हैं।
५- मनुष्य का नैतिक पतन अपनी पराकाष्ठा की ओर तीव्र गति से बढ़ रहा है।
६- पारस्परिक संवेदनायें समाप्त होती जा रही हैं।
७- हिंसा हमारे आचरण का भाग बनती जा रही है।
८- जीवन से सुख और शान्ति का सम्बन्ध समाप्त होता जा रहा है।
९- हम विनाश की ओर शनैः शनैः आगे बढ़ते जा रहे हैं।

   इस सबके बाद भी हमारी सांख्यिकीय गणनाएं समाज के विकास को प्रदर्शित करती हैं जो निश्चित ही एक राजनैतिक छलावा है। जब हम बड़े-बड़े वैज्ञानिकों को आत्महत्या करते हुए या नैतिक पतन के आरोपों में घिरा पाते हैं तो स्वयं को एक ऐसे रथ पर आरूढ़ पाते हैं जो सारथी रहित तो है ही दिशाहीन भी है। हमें यह विचार करना होगा कि हम त्रुटि कर कहाँ रहे हैं ? तनिक कल्पना कीजिये कि शोधकर्ता महर्षियों को यदि आज के वैज्ञानिकों की स्थिति से जूझना पड़ा होता तो क्या वे इतने निर्दुष्ट अनुसंधान कर पाते?
मनुष्य जीवन के सन्दर्भ में भारतीय चिंतन चार पुरुषार्थों "धर्मार्थकाममोक्षाणाम...." को केन्द्रित कर अपनी यात्रा प्रारम्भ करता है जिसका सबसे बड़ा टूल है सत्य। आधुनिक वैज्ञानिक भी सत्यानुसन्धान में लगे हैं किंतु शाश्वत चिंतन के अभाव में उनका मार्ग निर्दुष्ट नहीं हो सका। वे आंशिक सत्य तक ही सीमित हो कर रह गये, परिणामतः उनके शोध की दिशा ही एक अन्धकूप की ओर हो गयी है। मुझे यह बात बहुत ही महत्वपूर्ण लगती है, जिन शोधकार्यों के लिये हमारी प्रतिभायें अपना जीवन खपा देती हैं, जिनके लिये आम जनता की कमाई का एक बड़ा हिस्सा होम कर दिया जाता है वे शोध हमें केवल काला ज़ादू भर दिखा पाते हैं। जिन शोधकार्यों और अपनी उपलब्धियों पर हम गर्व से फूले नहीं समाते वे सत्य के कितने समीप हैं यह विचारणीय है।
   इस जगत के बारे में हम जितना जो कुछ जानते हैं सत्य उतना ही नहीं है। वस्तुतः हम केवल आंशिक सत्य ही जान पाते हैं, उतना ही जितना हमारी भौतिक इन्द्रियों के समक्ष प्रकाशित हो पाता है। जो अप्रकाशित रह जाता है वह गुप्त बना रहता है...रहस्यमय। कई बार रहस्यों के अत्याल्पांशों की एक झलक मात्र ही देख पाते हैं हम। हमारे देखने की क्षमतासीमा और प्रक्रिया अत्यंत सीमित होने से विश्लेषणात्मक ज्ञान के प्रति दोषपूर्ण है। हम गति को उसके पूर्णरूप में नहीं देख पाते ....आभास भर होता है उसका। देख उसी को पाते हैं जो अपेक्षाकृत बहुत स्थिर है। इसीलिये जीवन के वाहक सूक्ष्मांशों की एक झलक मात्र पाने के लिये जीवित कोशिकाओं की killing, fixation, dehydration, embedding, sectioning, staining और mounting जैसी अप्राकृतिक क्रियायें हमारी शोध प्रक्रिया की अनिवार्य विवशतायें हैं। जीवित कोशिका के मौलिक स्वरूप को नष्ट कर उसके बारे में प्राप्त एक झलक भर ही हमारे शरीर के भौतिक ज्ञान का आधार बन पाती है। हम जानना तो चाहते हैं जीवन को किंतु अध्ययन कर पाते हैं मृत कोशिका का। मृत्यु से जीवन को कितना जाना जा सकेगा? कोशिका के मृत्यु के समय... उसके नैनो सेकेण्ड्स के जीवन की एक हलचल भर जान पाते हैं हम, उसके आगे या पीछे क्या रहा होगा इसका अनुमान ही हमारे अगले ज्ञान का साधन है। और फिर यह भी क्या निश्चित है कि मृत्यु के समय वह कोशिका पीड़ा से तड़प नहीं रही होगी...तो हमने पीड़ा के नैनो सेकेण्ड्स का दर्शन किया इससे पैथोलॉजी तो समझी जा सकती है कुछ ...पर फ़िजियोलॉजी कैसे समझी जा सकेगी? प्रश्न यह भी है कि स्वस्थ्य रहने के लिये क्या यह सब जानना इतना आवश्यक है? अब से हज़ारों वर्ष पूर्व ...जब ऐसा विघटनकेन्द्रित ज्ञान नहीं था हमारे पास तब हमारी चिकित्सा का आधार क्या था? जटिल शल्य क्रियायें तो तब भी होती थीं।
  अपनी सीमित इन्द्रिय शक्तियों के कारण हमारा ज्ञान आंशिक ही है। प्रकृति की अपार शक्तियों के आगे इसीलिये नतमस्तक होना पड़ता है हमें। इन शक्तियों की एक आश्चर्यजनक किंतु स्वाभाविक व्यवस्था है जो हमें इसके नियंता के अस्तित्व को स्वीकारने विवश करती है। प्रकृति की इस अत्यंत जटिल किंतु सुव्यवस्थित प्रणाली ने हमें एक सर्वशक्तिमान नियंता के अस्तित्व की ओर स्पष्ट संकेत कर दिया है। इस अनादि-अखण्ड-अदृष्य किंतु सर्वशक्तिमान की सूक्ष्मता में समाहित विराटता ने बार-बार चमत्कृत किया है मानव बुद्धि को।
हमारा स्पष्ट मत है कि आज की भौतिक शोधप्रणाली दोषपूर्ण है जिसके कारण हम अपनी दिशा से भटक गए हैं। शोध की दो प्रणालियाँ हैं, एक रचनात्मक और दूसरी विघटनात्मक। रचनात्मक प्रणाली में हम किसी भौतिक वस्तु का स्वरूप विकृत किये बिना ही अन्यान्य विधियों से उसके बारे में सम्यक ज्ञान प्राप्त करने का प्रयास करते हैं, भारतीय ऋषियों की यही शोध परम्परा थी। जबकि विघटानात्मक प्रणाली में हम उस वस्तु का मौलिक स्वरूप ही विकृत कर देते हैं जिसके बारे में ज्ञान प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। संश्लेषण और विश्लेषण के स्वरूप को समझे बिना अपनाई गयी वर्त्तमान शोध प्रक्रियाएं कभी भी अंतिम सत्य तक नहीं पहुँच सकतीं। संभवतः, सम्यक सत्यान्वेषण इनका उद्देश्य है भी नहीं। राज्य और व्यापारियों की आवश्यकताएं आज के शोध की दिशा तय कर रही हैं। प्राणिमात्र के हित के लिए पवित्र भाव से शोध करना कलियुग की परम्परा नहीं है। किन्तु हमें यह परम्परा तोड़नी होगी।

  वैदिक युग में भी शोधकार्य ज्ञान प्राप्ति के साधन हुआ करते थे।  किंतु तब के और अब के ज्ञान की परिभाषायें भिन्न हैं। भारतीय ज्ञान परम्परा में ज्ञान तो वह है जो सत्य हो, सनातन हो, सार्वकालिक हो, सार्वभौमिक हो। पुनः, सुखी और निरामय जीवन के लिये, विश्वशांति के लिये, पृथिवी की रक्षा के लिये और सार्वभौमिक कल्याण के लिये हमें अपने वैज्ञानिक साधनों की सीमाओं, उनके औचित्य और अपने अनुसन्धान की दिशा की गम्भीर समीक्षा करनी होगी।

(एक छोटे से प्रवास के लिये कुछ दिनों तक आप सबसे दूर जा रहा हूँ, पुनः भेंट होगी...तब तक के लिये नमस्कार! शुभकामनायें !!)
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...